*पंचतत्व में विलीन हुईं साधना गुप्ता,बेटे प्रतीक ने दी मुखाग्नि, अंतिम संस्कार में मुलायम रहे मौजूद*
10 Jul 2022,
26
*पंचतत्व में विलीन हुईं साधना गुप्ता,बेटे प्रतीक ने दी मुखाग्नि, अंतिम संस्कार में मुलायम रहे मौजूद*
लखनऊ।समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का अंतिम संस्कार आज रविवार राजधानी के पिपरा घाट पर किया गया। बेटे प्रतीक यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी।इस दौरान मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव और भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।साधना गुप्ता के अंतिम संस्कार के समय मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ गई।जिससे वे गाड़ी में ही बैठे रहे।
शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में साधना का निधन हो गया था।निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर गुरुग्राम से लखनऊ लाया गया था।मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का साल 2003 में निधन हो गया था।मालती देवी के निधन के बाद मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता को पत्नी का दर्जा दिया था।
इटावा जिले के बिधूना की साधना गुप्ता रहने वाली थीं। 4 जुलाई 1986 को साधना गुप्ता की शादी फर्रुखाबाद जिले के चंद्र प्रकाश गुप्ता से हुई थी। 7 जुलाई 1987 को साधना गुप्ता ने प्रतीक यादव को जन्म दिया। शादी के दो साल बाद ही साधना गुप्ता और पति चंद्र प्रकाश गुप्ता अलग-अलग हो गए थे। मुलायम सिंह ने अपनी पहली पत्नी के निधन के कुछ साल सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दायर किया था। हलफनामे में मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता को अपनी पत्नी और प्रतीक को बेटा बताया था।
*जानें कैसे करीब आए साधना और मुलायम*
साधना गुप्ता और मुलायम सिंह यादव उस समय करीब आए जब मुलायम सिंह यादव की मां अस्पताल में भर्ती थीं।उसी अस्पताल में साधना गुप्ता नर्स थीं।साधना गुप्ता ने मुलायम सिंह यादव की मां मूर्ति देवी की बहुत सेवा की।मूर्ति देवी को एक गलत इंजेक्शन लगाया जा रहा था जिसे साधना ने रोक दिया था।तभी मुलायम सिंह यादव को साधना से प्यार हो गया था
*साधना को क्यों लकी मानते थे मुलायम*
साधना गुप्ता साल 1988 में अपने पति से अलग हो गई थीं और उसके अगले ही साल मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए थे।मुलायम सिंह यादव तब से साधना गुप्ता को अपने लिए लकी मानने लगे थे।मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता तब से ही एक साथ हो गए थे,लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
*कोर्ट में दिए हलफनामे से हुआ खुलासा*
साधना गुप्ता और मुलायम सिंह यादव के रिश्ते का खुलासा उस समय हुआ जब साल 2007 में आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुलायम सिंह यादव ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया।इस हलफनामे में मुलायम सिंह यादव ने लिखा कि मैं स्वीकार करता हूं कि साधना गुप्ता मेरी पत्नी और प्रतीक मेरा बेटा है।मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता का रिश्ता कई साल बाद सामने आया था।तब अखिलेश यादव पढ़ाई कर रहे थे।साल 2003 में मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी का निधन हो गया था।पहली पत्नी के निधन के बाद मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता को अपनी पत्नी का दर्जा दे दिया था।