राहुल गांधी ने कर्नाटक के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की
13 Oct 2017, 196
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (धर्म क्रान्ति)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और तैयारियों पर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया एवं अन्य नेताओं के साथ चर्चा की। सिद्धारमैया के अलावा कर्नाटक-कांग्रेस प्रभारी केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जी परमेश्वर, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी प्रमुख एसआर पाटिल और दिनेश गुंडु राव भी दो घंटे तक चली बैठक में शरीक हुए। राज्य से पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और वीरप्पा मोइली भी उपस्थित थे। परमेश्वर ने बताया कि 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बैठक के बाद कहा कि पार्टी को चुनावों का सामना कैसे करना चाहिए, क्या रणनीति हो-इन सभी चीजों पर बैठक में चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि राहुल ने प्रदेश कांग्रेस से चुनाव की तैयारियां तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि उनके और सिद्धारमैया के बीच कोई मतभेद नहीं है और यह चुनाव मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

चर्चित वीडियो
अन्य खबर