मणिपुर के मुख्यमंत्री ने की राजनाथ सिंह एवं रिजिजू से भेंट

नई दिल्ली, 29 मार्च (धर्म क्रांति)। मणिपुर के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने आज यहां केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू से भेंट की तथा उन्हें इस पूर्वोत्तर राज्य की वर्तमान सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 20 मिनट की भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को राज्य की कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा स्थिति में सुधार के लिए भाजपा की अगुवाई वाली नयी सरकार द्वारा उठाये गये कदमों के बारे में बताया। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री मणिपुर में शांति सुनिश्चित करने में हर तरह की केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। मणिपुर का मुख्यमंत्री निर्वाचित होने के बाद यह बिरेन सिंह की गृहमंत्री से पहली मुलाकात थी।सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रिजिजू से भी आधे घंटे भेंट की और मणिपुर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सिंह मणिपुर में भाजपा नीत गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं । यह इस पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा की नेतृत्व वाली पहली सरकार है।