व्यक्ति ने एयर एशिया विमान का आपात दरवाजा खोलने का किया प्रयास

नई दिल्ली, 12 जुलाई (धर्म क्रान्ति)। एक व्यक्ति ने विमान उतरने से कुछ मिनट पहले दिल्ली से रांची जाने वाली एयर एशिया के एक विमान का आपात दरवाजा खोलने का प्रयास किया और यात्रियों के जीवन को खतरे में डाल दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, आफताब अहमद नामक यात्री ने सोमवार रात नौ बज कर 50 मिनट पर जीवन को खतरे में डालने का यह प्रयास किया। उस पर आरोप है कि उसने कुछ यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को उस वक्त घायल कर दिया जब उसे रोकने का प्रयास किया गया। सूत्रों ने बताया कि अहमद को रांची में स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। वह रांची का रहने वाला बताया गया है। घटना को लेकर एयर एशिया की प्रतिक्रिया का इंतजार है।